Ticker

6/recent/ticker-posts

Notice Board

कक्षा समिति की बैठक आयोजित, विद्यार्थियों के शैक्षिक विकास पर हुई विस्तृत चर्चा


कक्षा समिति की बैठक आयोजित, विद्यार्थियों के शैक्षिक विकास पर हुई विस्तृत चर्चा


शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला अचानकपुर में आज कक्षा चौथी एवं पांचवीं की कक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यार्थियों के शैक्षिक विकास, नियमित उपस्थिति, गृहकार्य, पठन-पाठन, पहाड़ा अभ्यास, अनुशासन, स्वच्छता तथा विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता सहित अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

बैठक में प्रधान पाठक श्री पन्नालाल जंघेल, प्राथमिक विभाग प्रधान पाठक श्रीमती सुमित्रा कामडे, कक्षा शिक्षक श्री चेतराम वर्मा, कक्षा समिति कक्षा 4 की अध्यक्ष श्रीमती तुलेश्वरी कुंभकार, कक्षा समिति कक्षा 5 के अध्यक्ष श्री दिनेश साहू सहित दोनों कक्षा समितियों के सदस्य श्री सागर प्रजापति, श्री नंदकुमार यादव, श्री तिलक साहू, श्रीमती अनीता साहू, श्री नेतराम कुंभकार एवं श्री धर्मलाल मिर्चे उपस्थित रहे। कक्षा नायक कमलेश्वर यादव तथा कक्षा 4 एवं 5 के सभी छात्र-छात्राओं की भी उपस्थिति रही।

बैठक में प्रत्येक विद्यार्थी के शैक्षिक विकास पर बारी-बारी से चर्चा की गई। विद्यार्थियों के पढ़ने-लिखने की क्षमता, गणितीय दक्षता, गृहकार्य एवं कक्षा कार्य की स्थिति, नियमितता, सीखने में आ रही कठिनाइयों तथा उनकी प्रगति पर कक्षा समिति के सदस्यों के समक्ष चर्चा की गई। जिन विद्यार्थियों को किसी विषय में अतिरिक्त सहयोग या अभ्यास की आवश्यकता है, उनके लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराने पर भी विचार किया गया।

इस अवसर पर कक्षा शिक्षक श्री चेतराम वर्मा द्वारा विद्यार्थियों में रचनात्मक लेखन के लिए कराए जा रहे अभ्यास पर भी चर्चा की गई। रचनात्मक लेखन के माध्यम से बच्चों को अपने विचारों, कल्पनाओं और अनुभवों को स्वयं सोचने-समझने तथा अपने शब्दों में अभिव्यक्त करने का अवसर मिल रहा है। इस प्रकार की गतिविधियों से बच्चों में स्वतंत्र चिंतन, कल्पनाशीलता, अभिव्यक्ति कौशल एवं लेखन क्षमता के विकास को बढ़ावा मिल रहा है।

बैठक के दौरान विद्यार्थियों को नियमित रूप से पहाड़ा याद करने एवं सुनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। सबसे अधिक पहाड़ा सुनाने के लिए कक्षा 4 के आनंद एवं कक्षा 5 के कमलेश्वर को सम्मानित किया गया।

विद्यार्थियों में अध्ययन के प्रति उत्साह बढ़ाने एवं उनकी उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कक्षा 4 की शिवानी यादव एवं दिव्यानी साहू तथा कक्षा 5 की देवीमा कुंभकार को सबसे अधिक उपस्थिति के लिए पुरस्कृत किया गया।

Post a Comment

0 Comments