खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला में गौ विज्ञान परीक्षा का प्रथम चरण सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस परीक्षा में मिडिल, हाई, हायर सेकेंडरी एवं महाविद्यालय स्तर की कुल 180 शिक्षण संस्थाओं ने सहभागिता की। प्रथम चरण में तीनों स्तरों से लगभग 3700 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।
परीक्षा के दिन को गौ सेवा संकल्प दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर सभी शिक्षण संस्थानों में जनभागीदारी समिति के पदाधिकारी, प्राचार्य एवं समाजसेवियों को अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम के दौरान “गौ वंश से होगा पंच परिवर्तन” विषय पर प्रेरक उद्बोधन दिया गया। साथ ही सामूहिक रूप से “श्री सुरभ्यै नमः” मंत्र का जाप किया गया और विद्यार्थियों को गौ सेवा का संकल्प दिलाया गया।
परीक्षा में विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों का चयन दूसरे चरण के लिए किया गया है। दूसरा चरण जिला स्तर पर 8 फरवरी को आयोजित किया जाएगा।
यह परीक्षा जिला नोडल मनोहर चंदेल, छुईखदान नोडल चेतराम वर्मा, परीक्षा प्रभारी देव उदय तथा सभी संस्थाओं के परीक्षा प्रभारियों के सहयोग से शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न हुई।













































0 Comments